
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी अंतर्गत अवलेशपुर गांव में मंगलवार देर रात अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक जनरल स्टोर व्यवसायी को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी की बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार अवलेशपुर निवासी जितेंद्र प्रसाद पटेल (35) सनराइज स्कूल के पास स्थित अपनी जनरल स्टोर की दुकान बंद कर देर रात करीब 11 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उनकी पीठ में लगी, जबकि दूसरी गोली सिर को छूते हुए निकल गई।
घायल अवस्था में किसी तरह घर पहुंचे जितेंद्र ने अपनी मां सुदामा को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उनके भाई वीरेंद्र उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत देखते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां सुदामा, पत्नी रिनू तथा दो बेटे अतुल (11 वर्ष) और आयुष (9 वर्ष) का रो-रोकर बुरा हाल है। जितेंद्र तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। सूचना पर मौके पर पहुंचे एडीसीपी लिपि नगायच और स्थानीय पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।




