
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। नगर पंचायत गौराबादशाहपुर के बारी रोड स्थित मोहन सेठ सुजीत ज्वेलर्स पर मंगलवार को महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने अचानक छापेमारी कर इलाके में सनसनी फैला दी। कार्रवाई के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 4 बजे महाराष्ट्र पुलिस की टीम हथकड़ी लगे एक व्यक्ति को साथ लेकर दुकान पर पहुंची। पुलिस ने दुकान के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर नहीं जाने दिया। मीडिया कर्मियों को भी घटनास्थल से दूर रखा गया।पुलिस टीम ने दुकान के भीतर करीब डेढ़ घंटे तक गहन जांच और छानबीन की। इस दौरान दुकान के दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की गई। शाम लगभग 5:30 बजे जांच पूरी होने के बाद पुलिस टीम दुकान संचालक सुजीत सेठ को भी अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
हालांकि, दुकान से क्या बरामद हुआ और यह कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की गोपनीय कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। इस संबंध में जानकारी लेने पर थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्रा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस द्वारा जांच की जा रही है और जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार की आधिकारिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। फिलहाल पूरे मामले पर सभी की निगाहें टिकी हैं और स्थानीय लोगों को महाराष्ट्र पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।




