
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक /जौनपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा क्षेत्र के आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर गोनौली गांव के पास हुआ, जहां बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी 22 वर्षीय अंजली यादव, पुत्री फूलचंद यादव, अपने चाचा जगदीश यादव के साथ बाइक से गाजीपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा देकर वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान गोनौली गांव के समीप एक ट्रेलर की चपेट में आने से अंजली की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके चाचा बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में मातम का माहौल है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मृतका के चाचा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




