
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। वाराणसी के पुलिस लाइंस मैदान में रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया, जब 491 महिला आरक्षियों ने कठोर प्रशिक्षण पूर्ण कर पासिंग आउट परेड के साथ औपचारिक रूप से पुलिस बल में प्रवेश किया। यह आयोजन अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना का प्रतीक बना।
परेड की सलामी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने ली और नवप्रशिक्षित सिपाहियों के उत्कृष्ट तालमेल व प्रदर्शन की सराहना की।
इस समारोह की सबसे खास बात यह रही कि सभी 491 महिला सिपाहियों को उनकी पहली ड्यूटी के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया जाएगा। वाराणसी में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान ये सिपाही अहम भूमिका निभाएंगी।
यह अवसर उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार इतनी बड़ी संख्या में नव नियुक्त महिला सिपाहियों को सीधे उच्च स्तरीय सुरक्षा दायित्व सौंपा गया है।
अनुशासन और समन्वय का शानदार प्रदर्शन परेड में कुल 18 टोलियों ने अपने-अपने कमांडरों के नेतृत्व में अनुशासित कदमताल और बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन किया। सभी सिपाहियों ने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण की शपथ ली।




