
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में अवस्थापना निधि के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत विकास कार्य का शनिवार को शिलान्यास किया गया। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने विकास भवन से जिला पंचायत कार्यालय तक 250 मीटर इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस कार्य पर 53.12 लाख रुपये की लागत आएगी। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद को सौंपी गई है निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में आवागमन सुगम होने के साथ जल निकासी की व्यवस्था भी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे परिसर में जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी शिलान्यास के दौरान राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। शहरों और सरकारी परिसरों में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जौनपुर में सड़क, नाली, जल निकासी सहित आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम हो रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर में होने वाला यह निर्माण कार्य अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले आम लोगों के लिए सुविधाजनक साबित होगा राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराकर उसका सीधा लाभ जनता तक पहुंचाना है। इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण से कलेक्ट्रेट परिसर की व्यवस्था बेहतर होने के साथ जलभराव की समस्या भी कम होगी।




