
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के महिमापुर गांव में गुरुवार देर रात एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार महिमापुर गांव निवासी राहुल कुमार गौतम की 35 वर्षीय पत्नी पूनम गौतम का गुरुवार शाम घर में किसी बात को लेकर पति से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद वह काफी नाराज थीं। देर रात उन्होंने घर में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतका का विवाह करीब 13 वर्ष पूर्व हुआ था तथा वह पांच बच्चों की मां थी। सूचना मिलने पर बक्शा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



