
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। जिले के फरिहा रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर अब स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। वर्षों से मूलभूत सुविधाओं और बेहतर रेल सेवाओं की मांग कर रहे ग्रामीणों ने एक बार फिर आवाज बुलंद करते हुए रेलवे प्रशासन को चेतावनी भरा संदेश दिया है। ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डिवीजनल रेलवे मैनेजर (DRM) को ज्ञापन भेजकर फरिहा रेलवे स्टेशन के समग्र विकास की मांग उठाई है ग्रामीणों का कहना है कि फरिहा रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं, लेकिन यहां आज भी सुविधाओं का घोर अभाव है। सबसे बड़ी मांग यह है कि प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव फरिहा स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

ज्ञापन में स्टेशन से जुड़ने वाली जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत, रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास का निर्माण और क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए फ्लाईओवर बनाने की भी मांग प्रमुखता से उठाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में लोगों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो वे व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी अब सबकी निगाहें रेलवे प्रशासन पर टिकी हैं कि वह फरिहा के हजारों लोगों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को कब तक पूरा करता है।




