
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। रेलवे परिसरों में चोरी, लूट और तस्करी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी जौनपुर और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। रेलवे स्टेशन जौनपुर पर सघन चेकिंग के दौरान एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। गुरुवार को चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफार्म नंबर-1 पर शाहगंज साइड स्थित फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियों के नीचे एक व्यक्ति सस्ते दामों में मोबाइल बेचने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर पहुंची जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने संदिग्ध युवक को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान राकेश मोदनवाल (34 वर्ष) पुत्र जोगेन्द्र उर्फ योगेन्द्र, निवासी सरायमीर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से वीवो और आईक्यू कंपनी के दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 19 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल एवं सामान चोरी करने की घटनाओं में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी से जीआरपी थाना जौनपुर में दर्ज दो चोरी के मामलों का सफल अनावरण हुआ है। जीआरपी के अनुसार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर जनपद में चोरी, चोरी का माल रखने, आयुध अधिनियम तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।




