
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। थाना क्षेत्र के मोढ़इला रामगढ़ गांव में गुरुवार सुबह एक वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस मौके पर पहुंच गई मृतक की पहचान रामदुलार यादव (70) पुत्र स्वर्गीय परषोत्तम निवासी मोढ़इला रामगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का आरोप है कि करीब1वर्ष पहले गांव के पूर्व प्रधान सुरेश यादव उर्फ खुर्रु और बबलू पुत्र सुभाष यादव ने रामदुलार यादव से जमीन का बैनामा कराया था। आरोप है कि उसी समय से वृद्ध उनके यहां रह रहे थे। परिजनों का दावा है कि पहले बहला-फुसलाकर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और अब उनकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया वहीं, पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




