पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, तमंचा-कारतूस व बाइक बरामद
पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, तमंचा-कारतूस व बाइक बरामद

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। थाना सरायख्वाजा पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मुकदमों में वांछित एक शातिर अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरायख्वाजा पुलिस टीम मल्हनी-कोइरिडीहा मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर दूसरी पुलिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों बदमाश गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने पुलिया की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान कृष्णा यादव उर्फ गोलू उर्फ गोलई यादव पुत्र संजय यादव निवासी छबिलेपुर, थाना सरायख्वाजा के रूप में हुई है। उसके पास से .315 बोर का देशी तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी विकास के साथ मिलकर लूट, छिनैती और सुपारी लेकर अपराध करता है।
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। इस मामले में थाना सरायख्वाजा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




