
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के शीतलगंज बाजार के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ, जिसके बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया प्राप्त जानकारी के अनुसार, देल्हूपुर गांव निवासी गंगेश्वर मिश्रा सोमवार को किसी काम से साइकिल द्वारा शीतलगंज बाजार गए थे। बाजार से वापस घर लौटते समय शीतलगंज-देल्हूपुर मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मड़ियाहूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है इस हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।




