
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पुरनिया (सेक्टर-डी) स्थित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद प्रदेश सरकार पूरी तरह सक्रिय नजर आई। इस अत्यंत हृदयविदारक एवं पीड़ादायक दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति सरकार की पूरी संवेदना है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से आग लगने के कारणों, बचाव कार्यों की प्रगति तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी कोचिंग संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।




