
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह ने थाना मुंगराबादशाहपुर अंतर्गत चौकी सतहरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीडा औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, रात्रि गश्त, सड़क सुरक्षा तथा सावन माह में कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए एसएसपी ने औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिसकर्मियों को सीडा क्षेत्र के उद्यमियों के साथ नियमित बैठक और गोष्ठी आयोजित कर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यमियों से समय-समय पर सुरक्षा संबंधी फीडबैक लेने और रात्रिकालीन पुलिस गश्त एवं भ्रमण को प्रभावी बनाने पर जोर दिया औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी उद्यमियों के समन्वय से केंद्रीय कमांड सेंटर स्थापित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने, दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित करने और वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया सावन माह एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनजर एसएसपी ने कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जौनपुर की सीमा प्रयागराज जनपद से सटी होने और मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों के गुजरने को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, यातायात प्रबंधन प्रभावी रखने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने बीट आरक्षियों से बातचीत कर उनके कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ मधुर, संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही वर्तमान में संचालित पुलिस अभियानों की प्रगति की भी समीक्षा की गई एसएसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसुरक्षा, कानून-व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा तथा कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।




