
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के नाथुपुर चौराहे के पास मंगलवार को एक घरेलू विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें पति-पत्नी सहित पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बक्सा थाना क्षेत्र के हकारीपुर गांव निवासी पवन चौहान अपनी पत्नी अनुपमा चौहान के साथ नाथुपुर चौराहे के पास किराये के मकान में रहता है। मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पवन ने अपनी पत्नी अनुपमा को पीटकर घायल कर दिया।
इसी दौरान पड़ोस में किराए पर रहने वाली पूजा (पत्नी मनेंद्र), निवासी गौधा, थाना रायपुर, जनपद अलीगढ़ ने घटना की सूचना अनुपमा के मायके पक्ष को दे दी। सूचना मिलते ही अनुपमा का भाई अभिजीत चौहान अपने मित्र हिमांशु यादव के साथ मौके पर पहुंच गया। उनके पहुंचते ही पवन के साथ मारपीट शुरू हो गई।
वहीं, घटना की जानकारी देने को लेकर पवन पक्ष के प्रद्युम्न चौहान ने पूजा और उसके पति से भी गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद मायके पक्ष के लोग पूजा के समर्थन में आ गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।
सूचना पर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पवन और अनुपमा के बीच पहले भी विवाद होते रहते थे। इस बार मायके पक्ष के हस्तक्षेप के बाद मामला बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है।



