
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
डोभी/जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र डोभी के सभागार में ‘विकसित भारत 2047: मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी डोभी रमाकांत सिंह के नेतृत्व में हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. नृपेंद्र सिंह रहे। इस दौरान खंड विकास अधिकारी अरविंद यादव सहित ब्लॉक के सभी एआरपी मौजूद रहे कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने किया। मुख्य अतिथि डॉ. नृपेंद्र सिंह ने कहा कि देश का भविष्य बच्चों के हाथों में है। उनकी रचनात्मक सोच और सपने ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करेंगे प्रतियोगिता में ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने चित्रों के माध्यम से स्वच्छ, शिक्षित, स्वस्थ, सशक्त, समावेशी और हरित भारत की परिकल्पना को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। अतिथियों ने बच्चों की कलाकृतियों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की।

प्रतियोगिता में पीएम श्री अमरौना की छात्रा सुष्मिता ने प्रथम, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय डोभी की अदीबा ने द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय कनौरा की महिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया खंड विकास अधिकारी अरविंद यादव ने कहा कि बच्चों के मन में विकसित भारत को लेकर आकार ले रही कल्पनाएं भविष्य में देश के विकास का आधार बनेंगी। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं कार्यक्रम का संचालन सतीश कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर शिक्षक, एआरपी सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।




