
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी/चोलापुर। वरुणा जोन के चोलापुर थाना क्षेत्र में बेनीपुर स्थित चौरा माता मंदिर के पास ऑटो सवार युवक से लूट की घटना सामने आई है। बाइक सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों पर ऑटो रुकवाकर युवक से नकदी और मोबाइल फोन छीनने का आरोप है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गहनी गांव निवासी मनोज कुमार राजभर 9 सितंबर की शाम करीब 7:45 बजे रिश्तेदारी से ऑटो द्वारा घर लौट रहे थे। आरोप है कि चौरा माता मंदिर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ऑटो रुकवा लिया और उनके साथ बदसलूकी करते हुए जेब से 600 रुपये नकद छीन लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने उनका वीवो मोबाइल फोन भी कथित रूप से लूट लिया और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और चोलापुर थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान और तलाश की जा रही है।




