
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के अहमदपुर गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दुखद मामला सामने आया है। 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने कथित तौर पर प्रेमी द्वारा शादी से इंकार किए जाने के बाद जहर खा लिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी चपरासी सोनकर की पुत्री आरती सोनकर का पड़ोस के नाथुपुर रामनगर गांव के एक युवक से इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की युवक पर शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन युवक के इंकार करने पर उसने यह कदम उठा लिया।
घटना के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में एक निजी अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी राधेश्याम सिंह के अनुसार, मृतका की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




