
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शुक्रवार को तहसील मड़ियाहूं अंतर्गत बसुही नदी पर नगेसरा घाट के पास नव-निर्मित पुल का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह पुल नगेसरा एवं पुरेल्ला गांव के मध्य बनाया गया है, जिससे क्षेत्रीय जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस सेतु की कुल लंबाई 71.480 मीटर है तथा इसकी कुल लागत लगभग 1130 लाख रुपये (11.30 करोड़) है। पुल के साथ-साथ पहुँच मार्ग, अतिरिक्त पहुँच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य भी पूर्ण कर लिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से तय समय सीमा में पूरी की जाएं। इसी क्रम में इस पुल निर्माण कार्य की लगातार निगरानी की गई, जो अब पूर्ण हो चुका है।
उन्होंने बताया कि इस पुल के बन जाने से विशेष रूप से बरसात के मौसम में आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी, जहां पहले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
यह परियोजना उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा कार्यान्वित की गई है।
बाइट/कोट: “पुल के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।” — डॉ. दिनेश चंद्र, जिलाधिकारी
पुल के चालू होने से स्थानीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




