
न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुर। मछलीशहर तहसील क्षेत्र के जमालपुर गांव में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक एक मड़हे में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मड़हे में रखा बाइक सहित पूरा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के मुताबिक, जमालपुर निवासी मुनिराज बिंद (पुत्र राम मूरत बिंद) दोपहर करीब 3:30 बजे अपने मड़हे में आराम कर रहे थे। तभी अचानक अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरा मड़हा उसकी चपेट में आ गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुनिराज बिंद ने किसी तरह मड़हे की टाटी तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि इस दौरान उन्हें हल्की झुलसन भी आई है।
तेज हवा के कारण आग और भी भड़क गई, जिससे वहां रखा बाइक और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।




