
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। धर्मापुर ग्राम पंचायत में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गोवंश अचानक गहरे गड्ढे में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया।
सूचना पाकर खंड विकास अधिकारी कृष्ण मोहन यादव, एडीओ आईएसबी राकेश रोशन और सचिव अखिलेश कुमार मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की मौजूदगी में ग्राम पंचायत के कर्मचारियों और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे गोवंश को सुरक्षित गड्ढे से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के तुरंत बाद गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित रूप से धर्मापुर स्थित गौशाला भेज दिया गया।
खंड विकास अधिकारी कृष्ण मोहन यादव ने बताया कि समय रहते रेस्क्यू कर गोवंश की जान बचा ली गई और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।
इस दौरान ग्राम प्रधान जय हिंद यादव, सचिव अखिलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।




