चंदौलीयूपी

पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप, फायरिंग में 5 घायल

चंदौली के तेलहारा गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

चंदौली।  कंदवा थाना क्षेत्र के तेलहारा गांव में रविवार सुबह पुरानी रंजिश अचानक हिंसा में बदल गई। दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और फायरिंग की घटना में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव की दलित बस्ती में रहने वाले रामसूरत राम और अशोक के परिवार के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले लाठी-डंडे चले, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दो नाली राइफल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से दूसरे पक्ष के पांच लोग घायल हो गए।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कंदवा थाना समेत आसपास के कई थानों की फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि हरिजन बस्ती में लंबे समय से आपसी रंजिश चली आ रही थी। प्रारंभिक जांच में 12 बोर की एक नाली बंदूक से फायरिंग की पुष्टि हुई है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!