
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक, जौनपुर। चंदवक-औड़िहार मार्ग पर गुरुवार की भोर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा ककरापार गांव के सामने टावर के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही बाइक सवार ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान गौरीशंकर यादव (42 वर्ष) पुत्र राजकुमार यादव, निवासी नायकडीह गांव, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गौरीशंकर किसी काम से बाइक से जा रहे थे, तभी भोर में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची चंदवक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन की पहचान हो सके।




