
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदापुर पुलिस चौकी के तारापुर गांव के पास शनिवार को सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही चंदापुर पुलिस चौकी प्रभारी अवनीश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। हालांकि, काफी प्रयासों के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी अवनीश मिश्रा ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में कोई जानकारी या हुलिया समझ आए, तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें, जिससे मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।




