
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। के बक्शा थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिण पट्टी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह घर के अंदर महिला का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान 27 वर्षीय प्रिया गौतम, पत्नी अजीत कुमार गौतम के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, सुबह करीब छह बजे घर के लोगों ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा, तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि प्रिया गौतम का विवाह करीब सात वर्ष पूर्व हुआ था और वह एक बच्चे की मां थीं। उनका मायका बदलापुर थाना क्षेत्र के सुगौली खुर्द गांव में स्थित है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।




