
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के अहमदपुर गांव की 16 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को अहमदपुर निवासी आरती सोनकर (16) पुत्री मुन्ना सोनकर ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आरती का प्रेम संबंध पड़ोस के नाथूपुर रामनगर गांव की दलित बस्ती निवासी नीरज कुमार पुत्र राधेश्याम के साथ था। परिजनों के मुताबिक, किशोरी द्वारा शादी के लिए दबाव बनाने के बावजूद युवक ने इंकार कर दिया, जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
इस मामले में मृतका की मां परमशीला सोनकर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नीरज कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




