
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। 03 मई 2026। खेतासराय के समीप हुई हृदयविदारक घटना में सरायख्वाजा निवासी आजाद बिंद की असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय हो गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
शनिवार को शाहगंज विधायक रमेश सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि प्रशासन इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में सख्त संदेश जाए।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
इस दौरान नागरिकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की गई। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी भ्रामक सूचना को साझा न करने का अनुरोध किया है।
इससे पहले खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने भी मृतक के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।




