
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित एक पोखरे में 60 वर्षीय वृद्ध का शव उतराया हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान मेवा लाल कनौजिया (60) निवासी कबीरुद्दीनपुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मेवा लाल रविवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी इंतजार के बाद परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की, मगर पूरी रात खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
सोमवार सुबह गांव के पास पोखरे के किनारे खेल रहे बच्चों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलने पर गौराबादशाहपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वृद्ध की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले की गहनता से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




