
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के समदहा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, समदहा गांव निवासी राज बहादुर यादव (लगभग 55 वर्ष) सुबह करीब 8 बजे अपने खेत में लगे समरसेबल पंप को चालू करने के लिए स्विच ऑन करने गए थे। इसी दौरान स्विच बोर्ड में पहले से प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।




