
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। जिले में शादी का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी युवक व उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है मामला रौनापार थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार उसकी बुआ की शादी मुबारकपुर क्षेत्र में हुई थी। इसी दौरान बुआ के देवर से उसकी पहचान हुई और दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। आरोप है कि युवक ने शादी करने और गाड़ी दिलाने का भरोसा देकर युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने करीब चार वर्षों तक शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह गर्भवती भी हो गई, लेकिन आरोपी ने दबाव बनाकर उसका गर्भपात करा दिया। युवती द्वारा शादी की बात करने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी, जिसमें युवक ने विदेश से लौटने के बाद शादी करने का आश्वासन दिया था। हाल ही में युवक के विदेश से वापस आने पर युवती के परिजन शादी की बात लेकर उसके घर पहुंचे, लेकिन वहां युवक और उसके परिवार वालों ने शादी से साफ इनकार कर दिया पीड़िता को बाद में जानकारी मिली कि आरोपी युवक की शादी 22 मई को किसी दूसरी युवती से तय कर दी गई है। इसके बाद युवती ने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई युवती ने आरोप लगाया कि युवक शुरू से ही शादी करने की नीयत नहीं रखता था और झूठा भरोसा देकर उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करता रहा। साथ ही आरोपी और उसके परिवार पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।




