
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव कर दिया गया है। नया समय 16 जून 2026 से प्रभावी होगा। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, जिले के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। वहीं विद्यार्थियों के लिए शिक्षण कार्य का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
विभाग का कहना है कि दोपहर के समय तापमान में लगातार वृद्धि होने के कारण बच्चों को लू और गर्मी से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। नए समय से छात्र-छात्राएं भीषण गर्मी से पहले अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे और सुरक्षित घर लौट सकेंगे। शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि वे नए समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें तथा बच्चों को गर्मी से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक करें। गौरतलब है कि प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिसके चलते शिक्षा विभाग समय-समय पर विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।




