
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी गड़हर गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, गड़हर निवासी लव यादव (पुत्र भोलानाथ यादव) सुबह खेत की सिंचाई के लिए लगे मोटर पंप को चालू करने गए थे। बताया जा रहा है कि मोटर का स्विच ऑन करते समय स्टार्टर में प्रवाहित हो रहे विद्युत करंट की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान दोपहर में उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जलालपुर थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।




