
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। केराकत क्षेत्र के खर्गसेनपुर गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब नहर में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान सुनील शर्मा (35 वर्ष) निवासी खर्गसेनपुर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने नहर में शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार सुनील शर्मा की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। परिवार में तीन भाई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक और सनसनी का माहौल बन गया।
इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि मृतक के मुंह से झाग निकल रही थी, जिससे प्रथम दृष्टया किसी विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के मुताबिक मृतक का अपनी पत्नी और मां के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में इसी विवाद को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।




