
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की पहड़िया मंडी में महज 5 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक झड़प और कथित फायरिंग तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को पिस्टल और कारतूस के साथ हिरासत में ले लिया जानकारी के अनुसार पहड़िया निवासी अंशुमान सिंह उर्फ सानू और अवनीश गौतम के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार देर रात दोनों पक्ष मामले को सुलझाने के लिए आमने-सामने बैठे, लेकिन बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई स्थानीय लोगों का आरोप है कि विवाद के दौरान गाजीपुर निवासी अंगद यादव और उसके साथी शैलेंद्र को बुलाया गया। आरोप है कि मारपीट के बीच अंगद यादव ने पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग कर दी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना के बाद आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से एक पिस्टल बरामद की। मौके से एक खोखा कारतूस भी पुलिस ने कब्जे में लिया है पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। बरामद असलहे की वैधता, फायरिंग की परिस्थितियों और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।




