
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मछलीशहरक्षेत्र के सराययुसुफ गांव में ननिहाल आए एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। युवक शनिवार रात अपनी ननिहाल से बाइक द्वारा प्रयागराज लौट रहा था। इसी दौरान परसूपुर गांव स्थित रायबरेली हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सराययुसुफ गांव निवासी बाबा रमेश यादव एडवोकेट के भांजे 34 वर्षीय सर्वेश उर्फ अंकुर शनिवार को अपने ननिहाल आए थे। रात में वह अपने पिता के पास झूंसी, प्रयागराज जाने के लिए बाइक से निकले थे। देर रात परसूपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। रविवार को मृतक के पिता उदयराज यादव निवासी कमासिन, थाना फतनपुर की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
बताया गया कि मृतक प्रयागराज किला में कार्यरत था। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दुर्घटना करने वाले वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




