
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के विजईपुर कस्बे में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान पुलिस कार्रवाई का एक मामला चर्चा में आ गया है। आरोप है कि डंपर को रोकने के लिए दारोगा ने डंडे बरसाए और वीडियो बना रहे एक युवक के साथ भी मारपीट की गई जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ओवरलोड ट्रकों और डंपरों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक डंपर को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि डंपर चालक को रोकने के लिए पुलिस ने वाहन पर डंडे बरसाए। मौके पर मौजूद लोगों ने इस कार्रवाई का वीडियो बनाना शुरू किया तो कथित तौर पर दारोगा जितेंद्र दुबे भड़क गए।
आरोप है कि वीडियो बनाने वाले युवक को भी पीटा गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कार्रवाई के तरीके को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। यदि युवक के साथ मारपीट और वीडियो बनाने से रोकने के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की जा सकती है विजईपुर कस्बे में हुई इस घटना ने ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान के साथ-साथ पुलिस के व्यवहार पर भी बहस छेड़ दी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।




