
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। थाना क्षेत्र के उमरवार ग्राम पंचायत के कदमापर गांव निवासी CRPF जवान भगवान दास का बीमारी के चलते निधन हो गया। रांची के सैमफोल्ड अस्पताल में उपचार के दौरान 19 अगस्त 2026 की रात करीब आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई बताया गया कि भगवान दास पिछले करीब चार महीने से बीमार चल रहे थे और उनका रांची के अस्पताल में इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ने पर आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार, निधन के समय वह ड्यूटी पीरियड में थे।
तीसरे दिन गांव पहुंचा पार्थिव शरीर
भगवान दास का पार्थिव शरीर तीसरे दिन उनके पैतृक गांव पहुंचा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिचित और क्षेत्र के लोग पहुंच गए। पूरा गांव गम और गर्व के भाव में डूबा नजर आया इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘भगवान दास अमर रहें’ के नारों से माहौल गूंज उठा। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी प्रभावती देवी अपने पति के निधन से गहरे सदमे में हैं।
परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी

भगवान दास के परिवार में पत्नी प्रभावती देवी के अलावा दो बेटे रंजीत और अनिकेत तथा बेटी पूजा हैं। बड़े बेटे रंजीत और बेटी पूजा की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा बेटा अनिकेत अभी पढ़ाई कर रहा है।
अंतिम संस्कार के लिए एक लाख रुपये की सहायता
विभाग की ओर से अंतिम संस्कार के लिए मृतक CRPF जवान की पत्नी प्रभावती देवी को एक लाख रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई इसके बाद गोमती नदी घाट पर पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था के बीच भगवान दास को अंतिम सलामी दी गई। सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई ने वहां मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं बीमारी से जूझते हुए भगवान दास भले ही दुनिया को अलविदा कह गए, लेकिन देशसेवा के दौरान उनके समर्पण और उनके सम्मान में दी गई अंतिम विदाई की यादें हमेशा लोगों के बीच रहेंगी।




