
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। थाना क्षेत्र के कछवन पिकौरा गांव में पेड़ के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में बड़े भाई को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12 बजे गांव निवासी दो भाइयों के बीच पेड़ के बंटवारे को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। आरोप है कि छोटे भाई गोविंद कुमार ने बड़े भाई अरविंद कुमार पर पत्थर से हमला कर दिया। पत्थर लगने से अरविंद कुमार के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए बिरीबारी अस्पताल भिजवाया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




