
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के इमलों पाण्डेयपट्टी गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर रविवार को प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर 21 वर्षीय युवक चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों और परिजनों द्वारा लगातार समझाने-बुझाने के बाद युवक साढ़े तीन घंटे तक टावर पर डटा रहा। अंततः शादी का आश्वासन मिलने पर वह सुरक्षित नीचे उतर आया। जानकारी के अनुसार उत्तरगावां गांव निवासी पवन निषाद (21) पुत्र रामदवर निषाद घर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ने के बाद उसने अपने परिचितों को मोबाइल फोन से इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया। युवक ने मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान बताया कि वह केराकत क्षेत्र के पसेवा गांव की एक युवती से प्रेम करता है और जब तक युवती आकर शादी का आश्वासन नहीं देगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, सदर एसडीएम योगिता, लाइनबाजार थाना प्रभारी के.के. सिंह, शहर कोतवाल अनिता सिंह, गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष तथा फायर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सभी अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। बाद में पुलिस ने युवती के चचेरे भाई को मौके पर बुलवाया। क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता ने युवक की उसके माता-पिता तथा युवती के चचेरे भाई से मोबाइल फोन पर बातचीत कराई। इसके बाद युवक टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने टावर के नीचे सुरक्षा जाली लगवा दी थी तथा बचाव के अन्य इंतजाम भी किए गए थे। टावर से उतरने के बाद युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजा गया।




