
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
डोभी /जौनपुर। डोभी क्षेत्र के छात्रों ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विशेष बात यह रही कि इस बार भी छात्राओं ने उत्कृष्ट अंक हासिल कर बाजी मारी।
न्यू चिल्ड्रन कान्वेंट स्कूल, थून्नी (डोभी) के विद्यार्थियों ने बेहतरीन परिणाम देते हुए विद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
हाईस्कूल परीक्षा में छात्रा वैशाली शर्मा ने 90.2% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रीति यादव ने 90.01% अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में अपर्णा ने 83.5% अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्रेया चौबे ने 78% अंक के साथ द्वितीय स्थान पर जगह बनाई।
छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक घनश्याम सिंह, प्रधानाध्यापक जनार्दन प्रसाद नाविक एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सफल विद्यार्थियों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान हर वर्ष सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है, जिसका श्रेय शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग को जाता है। उन्होंने विद्यालय को ग्रामीण क्षेत्र का एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान बताते हुए कहा कि यहां बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में भी खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को आगे भी इसी तरह मेहनत कर क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।




