
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। नगर पंचायत केराकत द्वारा चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान बुधवार को स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब प्रशासनिक टीम और कुछ लोगों के बीच विवाद के बाद पथराव शुरू हो गया। घटना में नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव घायल हो गए, जबकि अतिक्रमण हटाने में लगे बुलडोजर को भी क्षति पहुंचाई गई जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पंचायत और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने नगर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे अस्थायी ठेले, अवैध टीन शेड, बैनर और सार्वजनिक भूमि पर किए गए कब्जों को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने प्रशासन पर चयनात्मक कार्रवाई का आरोप लगाते हुए विरोध जताना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर मौजूद प्रशासनिक टीम पर पथराव शुरू हो गया। पथराव में नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के सिर में चोट लग गई वहीं, उपद्रवियों ने बुलडोजर का शीशा तोड़ दिया। चालक के साथ भी अभद्रता और मारपीट का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है घटना के बाद नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सना सगीर और नायब तहसीलदार की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। इसमें सरकारी कार्य में बाधा डालने, पथराव करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



