
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
हरदोई। जिले के अतरौली थाना क्षेत्र में एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के बाहर पेड़ के नीचे बेहोशी की हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों और पुलिस ने छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया घटना अतरौली थाना क्षेत्र के आस्तकिन से ताजपुर रोड की बताई जा रही है। छात्रा गांव के किनारे एक पेड़ के नीचे अचेत अवस्था में पड़ी मिली। उसे इस हालत में देखकर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा किन परिस्थितियों में वहां पहुंची और उसके बेहोश होने के पीछे क्या वजह रही, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है फिलहाल छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि चिकित्सकीय रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने पूरे क्षेत्र में चिंता और कौतूहल का माहौल पैदा कर दिया है।




