
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र के बनपुरवा सरायपीथा गांव में 22 दिनों के भीतर दो सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकती लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। ताजा मामले में समाजवादी पार्टी के विधायक हाकिम लाल बिंद समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है बताया जा रहा है कि रविवार को सुशील कुमार का शव फंदे से लटका मिला। इससे पहले 22 दिन पूर्व उसके छोटे भाई संतोष का शव भी फंदे से लटका मिला था। लगातार दो भाइयों की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और गांव में जमकर हंगामा हुआ।
परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद के चलते दोनों भाइयों की सुनियोजित हत्या की गई है। इसी आरोप के आधार पर पुलिस ने सपा विधायक हाकिम लाल बिंद सहित पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लगातार दो मौतों और विधायक पर हत्या का मुकदमा दर्ज होने से पूरे इलाके में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




