
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिमी छोर पर चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान और नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह दुकानें खुलने पर हुई, जिसके बाद व्यापारियों में आक्रोश है चोरों ने रेलवे ट्रैक की ओर से अजय मेडिकल्स की दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। पीड़ित के अनुसार, दुकान से करीब 4.50 लाख रुपये नकद और लगभग 8 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण चोरी हुए हैं। इनमें चार सोने की चेन, तीन अंगूठियां और शादी में मिले आभूषण शामिल बताए गए हैं। पहचान छिपाने के लिए चोर दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़ ले गए इसके अलावा बगल के राहुल टी स्टॉल का ताला तोड़कर करीब 500 रुपये नकद और सामान चोरी किया गया। घटना की सूचना पीड़ित ने डायल 112 पर दी। शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। एक ही रात में दो दुकानों में चोरी की घटना से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में चिंता है।




