
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शनिवार को जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जेल अधीक्षक की मौजूदगी में अधिकारियों ने बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय, मुलाकाती कक्ष और सीसीटीवी कंट्रोल रूम सहित विभिन्न स्थानों की गहन जांच की। इस दौरान बंदियों से सीधे संवाद कर उनके भोजन, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही जेल के अभिलेखों, सुरक्षा उपकरणों और साफ-सफाई की व्यवस्था भी परखी। अधिकारियों ने संबंधित जिम्मेदारों को जेल की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने, नियमित निगरानी रखने तथा बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए।




