
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता के लिए एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान ‘दस्तक’ का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। विधान परिषद सदस्य जौनपुर बृजेश सिंह प्रिंशू ने टीबी चिकित्सालय परिसर में शपथ दिलाने के बाद जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया रैली के दौरान लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया तथा पोस्टर और पंपलेट वितरित किए गए। रैली में “जल जमाव होगा जहां, मच्छर पैदा होंगे वहां”, “साफ पानी, साफ हाथ, संचारी रोगों को देंगे मात” और “हम सबने यह ठाना है, संचारी रोग भगाना है” जैसे स्लोगन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया विधान परिषद सदस्य ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से संचालित करने तथा प्रत्येक गतिविधि की सघन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
रैली टीबी चिकित्सालय परिसर से शुरू होकर गांधी तिराहा होते हुए पुनः टीबी चिकित्सालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. आलोक कुमार सिंह, डीटीओ डॉ. विशाल यादव, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे अभियान के तहत पंचायती राज, नगर विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन और कृषि विभाग समेत संबंधित विभागों द्वारा साफ-सफाई, झाड़ी कटाई, जल निकासी, एंटीलार्वा रसायन का छिड़काव, फॉगिंग, ब्रीडिंग सोर्स सर्वे और सोर्स रिडक्शन जैसी गतिविधियां की जाएंगी। साथ ही किसानों, पशुपालकों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आमजन को संचारी रोगों से बचाव, जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा।




