
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के सरोजा पैलेस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता मित्रों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और सम्मान किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार से सफाईकर्मियों के चेहरे खिल उठे। सम्मान पाकर स्वच्छताकर्मी वसीम ने इसे अपने जीवन का सबसे सुखद और गर्वपूर्ण अनुभव बताया वसीम ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं उन पर फूल बरसाकर उनका स्वागत करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके और उनके साथियों के लिए बेहद खास है।
वेतन व्यवस्था में सुधार से सफाईकर्मी खुश
वसीम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सफाईकर्मियों की समस्याओं और उनकी भूमिका को लेकर जो बातें कहीं, वे सही हैं। उन्होंने बताया कि पहले वेतन से कटौती और समय पर भुगतान नहीं होने जैसी समस्याएं सामने आती थीं, लेकिन अब बिना किसी कटौती के पूरा वेतन समय पर सीधे बैंक खाते में मिल रहा है उन्होंने कहा कि वेतन व्यवस्था में आए इस बदलाव से सफाईकर्मियों को बड़ी राहत मिली है। समय पर पूरा भुगतान मिलने से उनमें संतुष्टि बढ़ी है और वे पहले की तुलना में खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
सम्मान से बढ़ा सफाईकर्मियों का मनोबल
वसीम के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सफाईकर्मियों के काम और समाज में उनकी अहम भूमिका को जिस तरह महत्व दिया, उससे उनका मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मित्र दिन-रात मेहनत कर शहर को साफ-सुथरा रखने में योगदान देते हैं। ऐसे में उन्हें सम्मान मिलना उनके काम के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश देता है मुख्यमंत्री द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किए जाने को वसीम ने अविस्मरणीय पल बताया। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में सुधार के साथ सम्मान मिलने से सफाईकर्मियों में खुशी का माहौल है मुख्यमंत्री का यह सम्मान स्वच्छता मित्रों के योगदान को पहचान देने और उनके मनोबल को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।




