
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। धनतेरस, दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई। इसमें त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा, सफाई, बिजली, पेयजल और यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए जिलाधिकारी ने प्रमुख बाजारों और मार्गों की मरम्मत, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा पूजा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने नियमित और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन धनतेरस एवं दीपावली से पहले अनिवार्य रूप से भुगतान करें।
खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए छापेमारी अभियान चलाने तथा पुलिस को प्रमुख बाजारों, चौराहों और सर्राफा क्षेत्रों में पर्याप्त बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थलों पर कराने और अवैध पटाखों पर रोक लगाने को भी कहा गया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने साइबर अपराधों से सतर्क रहने और सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा न करने की अपील की। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।



