
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी–आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर गोला गांव के सामने शुक्रवार देर रात एक अज्ञात महिला की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर पड़े महिला के शव को वाहन चालकों ने न तो देखा और न ही रुकने की ज़हमत उठाई, जिससे शव के ऊपर से कई वाहन गुजर गए और वह बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार महिला किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई थी। हादसे के बाद सड़क पर पड़ी लाश को देखकर भी मानवीय संवेदना नहीं दिखाई गई, जिससे घटना और भी हृदयविदारक हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतका की पहचान कराने के साथ ही दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश में जुट गई है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और मानवीय संवेदनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



