
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन ने बुधवार की देर रात 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादला सूची के अनुसार जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक रहे आईपीएस अधिकारी कुंवर अनुपम सिंह को जौनपुर का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है।
आईपीएस अधिकारी कुंवर अनुपम सिंह वर्ष 2013 बैच के अधिकारी हैं। जौनपुर से पहले वह सुल्तानपुर में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। इसके पूर्व उन्होंने अमरोहा में भी बतौर एसपी अपनी सेवाएं दी हैं। वह मूल रूप से प्रयागराज जनपद के निवासी हैं। उनके पिता राधेश्याम जलसंस्थान में कार्यरत थे, जबकि उनकी मां शीलादेवी अस्पताल में नर्स के पद पर सेवाएं दे चुकी हैं।
शैक्षिक पृष्ठभूमि की बात करें तो स्नातकोत्तर के बाद उन्होंने कम्प्यूटर साइंस (इन्फार्मेशन फाइबर ऑप्टिज्म) में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। हालांकि उन्होंने प्राइवेट नौकरी के बजाय सिविल सेवा को अपना लक्ष्य चुना और कैम्पस प्लेसमेंट नहीं लिया।
आईपीएस कुंवर अनुपम सिंह ने वर्ष 2011 में पहली बार सिविल सेवा परीक्षा दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने दिल्ली जाकर कोचिंग के माध्यम से तैयारी की और वर्ष 2012 में प्री और मेंस परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए आईपीएस के लिए चयनित हुए। उनकी ट्रेनिंग हैदराबाद में हुई। ट्रेनिंग के दौरान वॉलीबॉल खेलते समय उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके चलते उन्हें एक माह तक बेड रेस्ट करना पड़ा।
ट्रेनिंग के बाद उनकी पहली पोस्टिंग मथुरा में एएसपी के रूप में हुई। ज्वाइन करने के महज तीन महीने बाद 2 जून 2016 को जवाहरबाग कांड हुआ, जिसमें वह ऑपरेशन का हिस्सा रहे। इस दौरान उनके सामने कई पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हुए। उन पर भी फायरिंग हुई, हालांकि वह बाल-बाल बच गए।
जौनपुर में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में कुंवर अनुपम सिंह की तैनाती से जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।




