
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद में भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी Samuel Paul N. ने जनपदवासियों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है मौसम विभाग के अनुसार जनपद में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और 22 मई तक हीट वेव का असर बने रहने की संभावना जताई गई है। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार एडवाइजरी जारी कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं डीएम ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, अधिक से अधिक पानी पीने और ओआरएस व अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति को तेज सिरदर्द, चक्कर, उल्टी या बुखार जैसी समस्या महसूस हो तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें। गर्मी से बचाव के लिए छाता, गमछा और सूती कपड़ों का प्रयोग करने की भी सलाह दी गई है।जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि हीट वेव के दौरान सावधानी ही बचाव है। वहीं स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड में रखते हुए अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




